Trending News

मुंबई की पुरानी डांस पार्टी : लंढौरा में सियासी सरप्राइज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहुंचे पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के घर

मुंबई की पुरानी डांस पार्टी : लंढौरा में सियासी सरप्राइज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहुंचे पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के घर

हरिद्वार: मुंबई की पुरानी डांस पार्टी विवाद के बीच उत्तराखंड की राजनीति में नया मोड़ आया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने लंढौरा स्थित पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के आवास पर पहुंचकर सबको चौंका दिया। इस मुलाकात का खुलासा खुद चैंपियन ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करके किया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष उनकी पत्नी  देवयानी के साथ भी नजर आए।

दोनों नेताओं ने मुलाकात को पूरी तरह पारिवारिक और शिष्टाचार वाली बताया है। चैंपियन ने पोस्ट में लिखा कि मुलाकात के दौरान संगठन से जुड़े कुछ गंभीर विषयों पर चिंतन-मनन किया गया। वहीं, महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि रानी देवयानी को देहरादून में पार्टी के प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण वे नहीं पहुंच सकीं। इसकी जानकारी मिलने पर पार्टी कार्यकर्ता और पारिवारिक रिश्तों के नाते वे हालचाल पूछने पहुंचे।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले चैंपियन ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और हरक सिंह रावत पर 2002-03 की मुंबई डांस पार्टी को लेकर टिप्पणी की थी। जवाब में गोदियाल ने दावा किया था कि उस पार्टी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद थे। इस आरोप के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा थी कि भट्ट चैंपियन से नाराज हो सकते हैं, लेकिन लंढौरा पहुंचकर उन्होंने इन अटकलों को खारिज कर दिया।

मुलाकात ने भाजपा के भीतर और प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। कुछ लोग इसे पार्टी में एकजुटता का संदेश मान रहे हैं, तो कुछ इसे डांस पार्टी विवाद के बाद ‘समझाने-बुझाने’ की कोशिश बता रहे हैं। कांग्रेस इस मामले को लेकर भाजपा पर हमला कर सकती है। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने मुलाकात को सामान्य बताया और कहा कि पार्टी में अनुशासन और मर्यादा सर्वोपरि है। किसी भी गतिविधि जो संगठन की छवि प्रभावित करे, उसे गंभीरता से लिया जाएगा।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )
Skip to toolbar