Trending News

उत्तराखंड : लव मैरिज की सजा…मौत, क्योंकि वो दलित था, इसलिए मार डाला

अल्मोड़ा: बदलते दौर में जहां जातियां का बंधन टूट रहा है। सात संमरद पार तक रिश्ते हो रहे हैं। इस आधुनिक दौर में जहां समाज में ऊंच-नीच अब मायने नहीं रखता। कई जगहों पर जातियों की बेड़ियों को लोग खुद ही तोड़ रहे हैं। लेकिन, कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने छोटी जाति के युवक को सिर्फ इसलिए मार डाला कि उसने उनकी बहन से शादी कर ली थी। इस घटना ने देवभूमि को शर्मसार करके रख दिया।

बेटी के अंतर्जातीय विवाह से बौखलाए उसके परिजनों ने अनुसूचित जाति के युवक का अपहरण कर लिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने जाते आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। मारे गए युवक ने 12 दिन पहले ही सामान्य जाति की युवती से मंदिर में शादी की थी। उसने इसी साल सल्ट सीट से उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। पुलिस ने युवती की मां, सौतेले पिता और सौतेले भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

सल्ट क्षेत्र के पनवाद्यौखन गांव निवासी जगदीश चंद्र (38) पुत्र केश राम ने 21 अगस्त को भिकियासैंण में सिनार मोटर मार्ग पर स्थित बेल्टी गांव की गीता उर्फ गुड्डी से प्रेम विवाह किया था। शादी गैराड़ मंदिर में हुई थी। इस शादी से गीता की मां भावना देवी, सौतेले पिता जोगा सिंह और सौतेला भाई गोविंद सिंह नाराज थे।

उत्तराखंड ब्रेकिंग : UKSSSC पेपर लीक मामले में अब PRD जवान गिरफ्तार, किया ये खुलासा 

बृहस्पतिवार को जगदीश भिकियासैंण के बौली न्याय पंचायत क्षेत्र में हर घर नल, हर घर जल अभियान के तहत काम करने गया था। शाम करीब सात बजे ठेकेदार कविता मनराल ने भिकियासैंण के सेलापानी नामक स्थान से उसका अपहरण होने की सूचना प्रशासन को दी। इसके बाद एसडीएम शिप्रा जोशी पांडे के निर्देश पर राजस्व और नियमित पुलिस की संयुक्त टीमों ने जगदीश की खोजबीन शुरू कर दी।

रात 10 बजे सिनार मोटर मार्ग पर बेल्टी के पास मारुति वैन संख्या यूके19 टीए-0389 खड़ी मिली। वाहन में बेल्टी गांव निवासी जोगा सिंह, उसकी पत्नी भावना देवी और बेटा गोविंद सिंह सवार थे। वाहन की तलाशी लेने पर जगदीश अचेतावस्था में पड़ा मिला। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया जुर्म

राजस्व और नियमित पुलिस की टीम ने वैन को कब्जे में लिया। सभी को भिकियासैंण पटवारी चौकी ले जाया गया। पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जोगा सिंह ने बताया उसकी सौतेली बेटी गीता उर्फ गुड्डी ने अनुसूचित जाति के युवक जगदीश से शादी रचा ली थी, इस कारण उन्होंने युवक की जान ली है। राजस्व उपनिरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को धारा 302, 364, 34 और धारा 03 (2)(5) एससीएसटी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram
Skip to toolbar