
थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ, सीएम धामी ने 52.55 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात
- 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, थत्यूड़ सीएचसी को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा.
थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जिले के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जौनपुर क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें सबसे प्रमुख घोषणा थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर उप जिला चिकित्सालय बनाने की रही। उन्होंने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति देने की भी घोषणा की।
लोकार्पित और शिलान्यास की गई योजनाएं सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।
लोक संस्कृति के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं महोत्सव
मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्रवासियों को जौनपुर महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि महोत्सवों में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान करती हैं। मुख्यमंत्री ने जौनपुर महोत्सव समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए सभी आयोजकों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। उत्तराखंड के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
टिहरी को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील और उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। टिहरी झील को साहसिक पर्यटन और वाटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में सड़क और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा उपचार कार्य पूरा किया गया है। वहीं, 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन और डामरीकरण का कार्य भी पूरा कराया गया है।
पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए कद्दूखाल में 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।
पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक जनपद, दो उत्पाद जैसी योजनाओं के साथ ही हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड ने शुरुआत से अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार किया है। यह प्रदेश की मातृशक्ति, किसानों और स्थानीय उत्पादकों की मेहनत तथा स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे और वेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाओं से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती का भरोसा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ ही राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारखंड और मानसखंड के प्रमुख मंदिरों के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं।
जौनपुर क्षेत्र के लिए ये प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 273 लाख रुपये तथा भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की।
उन्होंने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से संबंधित मांगपत्रों पर विचार कर उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात कही।
प्रगतिशील किसान और साहित्यकार को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर द्वारा कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सेब मिशन के तहत सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, पुष्प, आलू और रोजमैरी जैसी फसलों की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।
वहीं, ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेन्द्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों के अनुवाद तथा साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र भेंट किया, जबकि कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न प्रदान किया।
स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और स्वीकृत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं और इन क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी की अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जौनपुर महोत्सव समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

