Trending News

देहरादून में सनसनीखेज बारदात : पत्नी को गोली मारने के बाद पति ने पुलिस को किया फोन, फिर हुआ फरार

देहरादून में सनसनीखेज बारदात : पत्नी को गोली मारने के बाद पति ने पुलिस को किया फोन, फिर हुआ फरार

देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पत्नी की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर हत्या की जानकारी दी और इसके बाद मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम में धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने फोन करने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस ने कॉल की लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की।

स्थानीय लोगों से पूछताछ और उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एक प्लॉट तक पहुंची। प्लॉट के भीतर बने कमरे की तलाशी लेने पर वहां काजल (26) पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत गोली लगने से हुई है। घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

कई दिनों से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काजल अपने पति धीरज पंवार के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थी। मृतका का भाई अभिषेक भी उनके घर के पास ही रहता है। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी बीच सोमवार सुबह महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी काजल

पुलिस के अनुसार, मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें गठित

हत्या की घटना के बाद से धीरज पंवार फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, कॉल लोकेशन और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हत्या में प्रयुक्त हथियार और वारदात के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )