Trending News

उत्तराखंड : दुष्कर्म व गर्भपात का आरोपी व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पुलिस हिरासत में, फेसबुक लाइव पर दी आत्मदाह की धमकी

उत्तराखंड : दुष्कर्म व गर्भपात का आरोपी व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे पुलिस हिरासत में, फेसबुक लाइव पर दी आत्मदाह की धमकी

नैनीताल/भवाली। दुष्कर्म, पॉक्सो, जबरन गर्भपात, ब्लैकमेलिंग और रंगदारी जैसे गंभीर आरोपों में वांछित भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे को नैनीताल पुलिस ने मंगलवार देर रात उनके आवास से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए आरोपी को मल्लीताल कोतवाली लाया। इससे पहले आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका निचली अदालत और उत्तराखंड हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी थी।

दबिश के दौरान एक घंटे तक चला हंगामा

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात आरोपी के घर पर मौजूद होने की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम तीन से चार वाहनों के साथ करीब साढ़े नौ बजे उसके आवास पहुंची। पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही नरेश पांडे फेसबुक पर लाइव हो गया। लाइव प्रसारण के दौरान उसने पुलिस पर बिना वारंट घर में प्रवेश करने, उत्पीड़न करने तथा परिजनों के साथ अभद्रता और मारपीट करने के आरोप लगाए। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मल्लीताल कोतवाली पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए उन्हें जांच को प्रभावित करने का प्रयास बताया है।

फेसबुक लाइव में जहर पीने का दावा, आत्मदाह की चेतावनी

दबिश के दौरान आरोपी ने फेसबुक लाइव में एक बोतल दिखाते हुए जहर पीने का दावा किया और आत्मदाह की धमकी भी दी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ धक्का-मुक्की की तथा परिवार के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। हालांकि पुलिस प्रशासन ने इन सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि आरोपी भ्रामक माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है।

निजी बॉडीगार्ड और शस्त्र लाइसेंस भी जांच के दायरे में

पुलिस जांच के दौरान आरोपी के चार से पांच निजी बॉडीगार्ड रखने का मामला भी सामने आया है। पुलिस इन बॉडीगार्ड्स से पूछताछ कर चुकी है। साथ ही आरोपी के शस्त्र लाइसेंस को निलंबित करने की संस्तुति भी की गई है। जांच के दौरान कुछ अन्य महिलाओं ने भी आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि नरेश पांडे के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो, ब्लैकमेलिंग, रंगदारी और जबरन गर्भपात सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वह मामले में नामजद और वांछित आरोपी है। विवेचना के दौरान मिले महत्वपूर्ण साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए उसे हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी अपने बचाव में तथ्यों को प्रभावित करने और भ्रामक माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )