Trending News

रुद्रप्रयाग हादसे में बड़ा खुलासा : ट्रक ने पीछे से मारी थी टक्कर

रुद्रप्रयाग हादसे में बड़ा खुलासा : ट्रक ने पीछे से मारी थी टक्कर

रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग परहुए दर्दनाक हादसे में एक नया खुलासा हुआ है। अलकनंदा नदी में गिरे टेंपो ट्रैवलर को पीछे से ट्रक ने टक्कर मारी थी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में अब तक दो तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग अब भी लापता हैं। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।हादसे के वक्त टेंपो ट्रैवलर में कुल 20 लोग सवार थे, जिनमें से अधिकांश तीर्थयात्री थे। केदारनाथ के दर्शन के बाद सभी बदरीनाथ की यात्रा पर निकले थे। हरिद्वार के बैरागी कैंप से तीर्थयात्रियों को लाया गया था।

ड्राइवर ने बताई दुर्घटना की पूरी कहानी

गंभीर रूप से घायल चालक सुमित, जो अस्पताल में भर्ती हैं, ने दुर्घटना का कारण बताते हुए कहा कि हम रुद्रप्रयाग से बदरीनाथ के लिए निकले थे। जैसे ही घोलतीर के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने हमारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित हो गया और सीधा अलकनंदा नदी में गिर गया। ड्राइवर के अनुसार, 10 यात्री गाड़ी से छिटककर बाहर गिर गए, जिनमें से कुछ को चोटें आईं और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। 2 तीर्थयात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि बाकी यात्रियों की तलाश जारी है।

नदी में सर्च ऑपरेशन

एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों द्वारा सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। तेज बहाव और दुर्गम स्थल के चलते बचाव कार्यों में बाधा आ रही है, लेकिन प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है।

जांच के आदेश

जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। ट्रक की टक्कर और चालक की लापरवाही की पुष्टि होने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।

शोक में डूबे परिजन

हादसे के बाद तीर्थयात्रियों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। कई परिवार हरिद्वार से रुद्रप्रयाग पहुंच रहे हैं, और प्रशासन से त्वरित राहत व सहायता की मांग कर रहे हैं।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )
Skip to toolbar