
देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा: कंटेनर के नीचे दबी कार, एक ही परिवार के तीन समेत चार की मौत
देहरादून। दिवाली से पहले देहरादून में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार दोपहर खाद से भरा एक भारी कंटेनर अनियंत्रित होकर एक आई-20 कार के ऊपर पलट गया। हादसे में सहारनपुर निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय बच्चा गंभीर हादसे के बावजूद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सहारनपुर से देहरादून आ रही आई-20 कार मोहब्बेवाला चौक के पास पहुंची थी। इसी दौरान कार के बराबर से गुजर रहा खाद से भरा कंटेनर रंबल स्ट्रिप पार करने के बाद अचानक अनियंत्रित हो गया और कार के ऊपर पलट गया। भारी-भरकम कंटेनर के नीचे दबने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे, लेकिन कंटेनर के नीचे बुरी तरह दबी कार में फंसे लोगों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम ने हाइड्रा की मदद से पहले कंटेनर को कार के ऊपर से हटाया। इसके बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए दो कटर मशीनों की सहायता से वाहन की छत काटनी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे छह वर्षीय माहेर कपूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कार में सवार अन्य चार लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63) निवासी गोकुल धाम कॉलोनी, सहारनपुर तथा कार चालक नीरज, निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। हादसे में मिश्रेष कपूर का छह वर्षीय बेटा माहेर घायल हुआ है।
बताया गया है कि हादसे के बाद कंटेनर चालक और परिचालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है कि रंबल स्ट्रिप पार करने के दौरान कंटेनर किस तरह अनियंत्रित हुआ और यह दर्दनाक हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
दिवाली से पहले हुए इस भीषण हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक मौत से सहारनपुर स्थित परिवार और परिचितों में भी शोक की लहर है।

