
तीन दिवसीय विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन 2026 का शुभारंभ
विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया शुभारंभ,
देहरादून को वैश्विक आपदा प्रबंधन विमर्श का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
देहरादून 29 नवंबर।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में तीन दिवसीय विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए ₹1 करोड़ देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े संगठन प्रतिभाग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के आयोजन को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में सार्थक पहल है। सम्मेलन के माध्यम से दुनिया के विभिन्न देशों के अनुभवों, आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और अनुसंधान को साझा करने के साथ ही आपदाओं से निपटने के लिए समन्वित रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आयोजन से जुड़ी हिमालयन एकेडमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी सहित सभी संस्थाओं और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन वेस्टइंडीज से ऑस्ट्रेलिया तक, गुजरात से पूर्वोत्तर तक और कश्मीर से तमिलनाडु तक विभिन्न क्षेत्रों को एक साझा मंच पर जोड़ रहा है। उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों, देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा लगभग 50 देशों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र का विषय नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता की साझा जिम्मेदारी है। यह आयोजन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को भी साकार करता है।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। कहीं अत्यधिक वर्षा और बाढ़ की घटनाएं हो रही हैं, तो कहीं सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी परिस्थितियां जनजीवन को प्रभावित कर रही हैं। इन आपदाओं का प्रभाव केवल जन-धन की हानि तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अर्थव्यवस्था, कृषि, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक संरचना पर भी पड़ता है। ऐसे में आपदा प्रबंधन के लिए वैश्विक स्तर पर साझा प्रयास, अनुभवों का आदान-प्रदान और प्रभावी कार्ययोजना आवश्यक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रतिक्रियात्मक व्यवस्था से आगे बढ़कर पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी और जोखिम न्यूनीकरण की दिशा में कार्य कर रहा है। आपदा आने के बाद राहत और बचाव कार्य करना जितना आवश्यक है, उससे कहीं अधिक जरूरी है कि संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान की जाए और जन-धन की हानि को कम करने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्थाएं विकसित की जाएं।
हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड सहित संपूर्ण हिमालयी क्षेत्र पर्यावरणीय और भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, वर्ष 2021 की चमोली आपदा, सिलक्यारा सुरंग घटना और हाल के वर्षों में हुई विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं ने यह स्पष्ट किया है कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नेपाल, भूटान और तिब्बत सहित समूचे हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियां काफी हद तक समान हैं। इसलिए इस सम्मेलन में हिमालयी क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
इस अवसर पर उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल, विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

