Trending News

शहजाद पूनावाला के बीजेपी छोड़ने की अटकलें तेज, X प्रोफाइल से हटाया ‘राष्ट्रीय प्रवक्ता’ का पद

शहजाद पूनावाला के बीजेपी छोड़ने की अटकलें तेज, X प्रोफाइल से हटाया ‘राष्ट्रीय प्रवक्ता’ का पद

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपने प्रोफाइल से ‘नेशनल स्पोक्सपर्सन, बीजेपी’ हटाने के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके इस्तीफे की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, अब तक न तो भाजपा और न ही शहजाद पूनावाला की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।

गुरुवार को शहजाद पूनावाला ने अपने X प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट साझा किया। उनके नए बायो में लिखा है— “धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय। लेखक: GST की यात्रा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी।” वहीं, पहले मौजूद ‘नेशनल स्पोक्सपर्सन, बीजेपी’ का उल्लेख हटा दिया गया है।

हालांकि, उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर अभी भी उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय प्रवक्ता बताया गया है। इससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बायो में बदलाव केवल व्यक्तिगत निर्णय है या इसके पीछे कोई राजनीतिक कारण है।

शहजाद पूनावाला ने अपने X अकाउंट पर अपने कुछ पुराने इंटरव्यू के वीडियो भी दोबारा साझा किए हैं, जिनमें वे सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने की संभावना पर चर्चा करते दिखाई देते हैं। हालांकि, उन्होंने कहीं भी भाजपा छोड़ने या राजनीति से संन्यास लेने की औपचारिक घोषणा नहीं की है।

कांग्रेस से भाजपा तक का सफर

पेशे से वकील और सामाजिक कार्यकर्ता रहे शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वर्ष 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी और बाद में भाजपा में शामिल हो गए। वर्ष 2021 में उन्हें दिल्ली भाजपा के सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। पिछले कुछ वर्षों में वे भाजपा के प्रमुख टीवी डिबेट चेहरों में शामिल रहे और कांग्रेस सहित विपक्ष पर लगातार मुखर रहे हैं।

फिलहाल, केवल X प्रोफाइल में किए गए बदलाव के आधार पर उनके भाजपा छोड़ने की चर्चाएं हो रही हैं। जब तक पार्टी या स्वयं शहजाद पूनावाला की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आता, तब तक इन अटकलों की पुष्टि नहीं की जा सकती।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )