Trending News

उत्तरकाशी : दिशा बैठक में गैरहाजिर अफसरों पर सांसद का एक्शन, स्पष्टीकरण और तबादले के निर्देश

उत्तरकाशी : दिशा बैठक में गैरहाजिर अफसरों पर सांसद का एक्शन, स्पष्टीकरण और तबादले के निर्देश

उत्तरकाशी। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को जिला सभागार में टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान पीएमजीएसवाई और ब्रिडकुल के अधिशासी अभियंताओं की अनुपस्थिति पर सांसद ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने तथा उनके तबादले की संस्तुति करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने नौगांव, बड़कोट और पुरोला में चिकित्सकों एवं सफाई कर्मियों की तैनाती का मुद्दा उठाया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों के पोस्टमार्टम की सुविधा सीएचसी चिन्यालीसौड़ और पुरोला में उपलब्ध कराने की मांग की। सांसद ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।

दूरसंचार सेवाओं की समीक्षा के दौरान सांसद ने सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई मोबाइल टावर स्थापित होने के बावजूद नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बंद एवं प्रभावित टावरों को शीघ्र संचालित कर नेटवर्क व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग की समीक्षा में जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए खेतों की घेरबाड़ सहित प्रभावी उपाय करने को कहा गया। वहीं उद्यान विभाग को बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, समेकित बाल विकास योजना, उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य करें, ताकि आम जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )