Trending News

मानसून बना आफत, हादसों में दो महिलाओं समेत चार की मौत, 49 सड़कें बंद

मानसून बना आफत, हादसों में दो महिलाओं समेत चार की मौत, 49 सड़कें बंद

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की दस्तक जहां किसानों के लिए राहत लेकर आई है, वहीं कई जिलों में लोगों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं। लगातार हो रही बारिश, भूस्खलन और करंट लगने जैसी घटनाओं में प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और चंबा जिलों में दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई।

वहीं भारी बारिश के कारण प्रदेशभर में 49 सड़कें बंद हो गई हैं और 42 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित है। मौसम के बदलते मिजाज के बीच गुरुवार को रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला दर्रों में हल्का हिमपात भी दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। धान और मक्की की बुवाई के लिए बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को इससे राहत मिली है।

लाहौल-स्पीति में एचआरटीसी परिचालक की पत्थर लगने से मौत

लाहौल-स्पीति जिले में एचआरटीसी के केलंग डिपो की बस उदयपुर से मयाड़ घाटी रूट पर गई थी। गुरुवार सुबह उदयपुर लौटते समय बस परिचालक ज्ञान सिंह, निवासी लडभड़ोल, बावड़ी के समीप ब्रश कर रहे थे। इसी दौरान नीचे झुकने पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरा, जो उनके सिर पर आ लगा। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक ने घटना की सूचना उदयपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला ने घटना की पुष्टि की है।

रामपुर में करंट लगने से बुजुर्ग महिला की जान गई

शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के पीपलीधार स्थित निरसु गांव में गुरुवार को 60 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि केबल लाइन में लगी लोहे की पतली तार रास्ते में गिरी हुई थी, जो करीब आठ से नौ मीटर दूर बिजली के सर्विस वायर से जुड़े लोहे के तार के संपर्क में आ गई थी। आशंका है कि इसी कारण तार में करंट प्रवाहित हो गया और महिला उसकी चपेट में आ गई।

कांगड़ा में टुल्लू पंप लगाते समय प्लंबर की मौत

कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के मसोट क्षेत्र में एक प्लंबर की टुल्लू पंप स्थापित करते समय करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चंबा में ढांक में गिरने से महिला की मौत

चंबा जिले के अगाहर गांव में एक महिला की पैर फिसलने से गहरी ढांक में गिरकर मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

बारिश से जनजीवन प्रभावित

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश और भूस्खलन के चलते 49 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इसके अलावा 42 ट्रांसफार्मर खराब होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। प्रशासन द्वारा बंद सड़कों को बहाल करने और बिजली व्यवस्था सुचारु करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )
Skip to toolbar