
MDDA का अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर बड़ा एक्शन, सात स्थानों पर कार्रवाई
देहरादून। राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत निर्माण और बिना स्वीकृति संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सख्त कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने मसूरी, पौंधा, विधौली और शिमला बाईपास क्षेत्र में अभियान चलाकर सात स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान शिमला बाईपास पर करीब 20 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया, जबकि पौंधा में 30 से 40 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को सील किया गया। इसके अलावा मसूरी में अवैध निर्माण और विधौली में बिना स्वीकृति संचालित कैफे व दुकानों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
शिमला बाईपास पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
एमडीडीए के अनुसार, गौरव रावत की ओर से मेदनीपुर, शिमला बाईपास रोड, ढकरानी, हरबर्टपुर क्षेत्र में करीब 20 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। वहीं, पौंधा रोड पर राजेंद्र अग्रवाल की ओर से लगभग 30 से 40 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को सील कर दिया गया।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत लेआउट और आवश्यक अनुमतियों के भूमि पर प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि जमीन या भूखंड खरीदने से पहले उसके स्वीकृत नक्शे, लेआउट और संबंधित दस्तावेजों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में कानूनी और आर्थिक परेशानियों से बचा जा सके।
मसूरी में अवैध निर्माण सील
मसूरी के विन्सेन्ट हिल स्थित क्रेग टॉप एस्टेट, वैवरली, हाथीपांव रोड क्षेत्र में अरुण सहगल तथा निर्माणकर्ता राहुल रोहानी से संबंधित अवैध निर्माण के मामले में प्राधिकरण ने सीलिंग की कार्रवाई की। एमडीडीए के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में निर्माण के दौरान स्वीकृत मानचित्र और निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
विधौली में कैफे और दुकानों पर कार्रवाई
विधौली स्थित यूपीईएस कॉलेज के निकट भी प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई की। यहां अक्षय पंवार के अवैध रूप से संचालित कैफे, रवि शंकर के कैफे एवं दुकान, गायत्री शर्मा की बिना स्वीकृत मानचित्र संचालित दुकान और माही कैफे को सील किया गया। प्राधिकरण ने कहा कि व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृति और अन्य निर्धारित अनुमतियां लेना जरूरी है। बिना अनुमति संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध गतिविधियों पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
कार्रवाई के दौरान संबंधित क्षेत्रीय सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहे। एमडीडीए ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत निर्माण और बिना स्वीकृति संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ निगरानी बढ़ाई जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
नियमों की अनदेखी करने वालों पर होगी सख्ती : बंशीधर तिवारी
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना और अवैध प्लॉटिंग व निर्माण पर अंकुश लगाना प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी कर प्लॉटिंग करने या बिना स्वीकृति निर्माण कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी भूखंड को खरीदने से पहले उसके स्वीकृत लेआउट और जरूरी अनुमतियों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
नियमित निगरानी के निर्देश : मोहन सिंह बर्निया
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा नियमों का उल्लंघन सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से भी भवन निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने से पहले जरूरी स्वीकृतियां प्राप्त करने की अपील की।

