Trending News

देहरादून में दिनदहाड़े गोलीकांड: कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना का तीखा हमला, कहा- उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त

देहरादून में दिनदहाड़े गोलीकांड: कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना का तीखा हमला, कहा- उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त

देहरादून: तिब्बती मार्केट के पास सुबह गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या के बाद उत्तराखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस ने फिर से सरकार पर जोरदार हमला बोला है। एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह रसातल में चली गई है और अपराधियों के दिल-दिमाग से पुलिस का खौफ पूरी तरह समाप्त हो चुका है।

धस्माना ने कहा, “आज तिब्बती मार्केट में प्रेस क्लब से चंद कदमों की दूरी पर हुई गोलीबारी और अर्जुन शर्मा की हत्या से कांग्रेस का आरोप एक बार फिर साबित हो गया है। सुबह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलकर घर लौट रहे युवक पर बेखौफ बदमाशों ने गोली चलाई और फरार हो गए।” उन्होंने पिछले सप्ताह की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पलटन बाजार में गुंजन नाम की युवती की सुबह-सुबह चाकू से गर्दन काटकर हत्या की गई और आरोपी ने हत्या के बाद टहलता हुआ पुलिस के पास जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।

उन्होंने आगे कहा, “उसी सप्ताह ऋषिकेश समेत तीन युवतियों की हत्या और हरिद्वार में रविदास जयंती पर भंडारे में गोलीबारी से दो लोगों की मौत के प्रकरण उत्तराखंड को अपराध की श्रेणी में यूपी व बिहार की बराबरी में ला खड़ा कर रहे हैं।” धस्माना ने आरोप लगाया कि धामी सरकार को नफरत फैलाने और नफरती क्रियाकलाप करने वाले अराजक तत्वों की पीठ थपथपाने से फुर्सत नहीं है, जबकि उनकी पुलिस को जमीनों के विवाद सुलझाने से फुर्सत नहीं है। इस बीच अपराधी इन परिस्थितियों का लाभ उठाकर लगातार अपराधिक वारदातें अंजाम दे रहे हैं।

धस्माना ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर चिंता जताते हुए कहा कि अंकिता भंडारी समेत राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधिक हिंसा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी का आगामी 16 फरवरी को राजभवन कूच मार्च का एक प्रमुख मुद्दा प्रदेश की ध्वस्त पड़ी कानून-व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ रही हिंसा होगा।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )