Trending News

भाजपा में गुटबाजी चरम पर, सांसद की बैठक से विधायकों की दूरी पर कांग्रेस का हमला

भाजपा में गुटबाजी चरम पर, सांसद की बैठक से विधायकों की दूरी पर कांग्रेस का हमला

देहरादून। एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने चमोली में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की बैठक में जिले के दोनों विधायकों और नगर पालिका अध्यक्ष की अनुपस्थिति भाजपा में चल रहे सत्ता संघर्ष और गुटबाजी को उजागर करती है।

अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए धस्माना ने कहा कि शुक्रवार को गोपेश्वर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद अनिल बलूनी जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उसी समय जिले के दोनों विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में मौजूद थे, लेकिन बैठक में शामिल नहीं हुए।

उन्होंने दावा किया कि सांसद को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने एक अधिकारी को उन्हें बुलाने के लिए भेजा, लेकिन विधायकों ने बैठक में आने से इनकार कर दिया। बाद में बैठक समाप्त होने के बाद सांसद स्वयं निरीक्षण भवन पहुंचकर विधायकों से मिले।

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी और शक्ति प्रदर्शन का खुला उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल की अंदरूनी खींचतान का असर प्रदेश के विकास कार्यों पर पड़ रहा है और इसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )
Skip to toolbar