Trending News

उत्तराखंड : देवभूमि में अवैध मजारों पर धामी सरकार का बुलडोजर एक्शन जारी, अब यहां हुई कार्रवाई 

उत्तराखंड : देवभूमि में अवैध मजारों पर धामी सरकार का बुलडोजर एक्शन जारी, अब यहां हुई कार्रवाई 

उधम सिंह नगर। उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर बने कथित अवैध धार्मिक ढांचों के खिलाफ धामी सरकार का अभियान लगातार जारी है। ताजा मामला उधम सिंह नगर जिले की जसपुर तहसील के अहमदनगर क्षेत्र से सामने आया है, जहां प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बनी एक कथित अवैध मजार को बुलडोजर से हटाकर भूमि को अपने कब्जे में ले लिया।

प्रशासन के अनुसार, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर उपजिलाधिकारी राहुल शाह की अगुवाई में सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माणों का सर्वे कराया गया था। सर्वे के दौरान संबंधित मजार को सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित पाया गया।

एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि लगभग तीन सप्ताह पहले संबंधित स्थल पर नोटिस चस्पा कर भूमि स्वामित्व एवं निर्माण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने तक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद शनिवार सुबह प्रशासन ने विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए बुलडोजर कार्रवाई की।

प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई के दौरान संरचना के भीतर किसी प्रकार के अवशेष नहीं मिले। कार्रवाई पूरी होने के बाद भूमि को समतल कर सरकारी कब्जे में ले लिया गया।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड में पिछले कुछ महीनों के दौरान लगभग 600 कथित अवैध धार्मिक संरचनाओं को हटाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार का दावा है कि अब तक करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )
Skip to toolbar