Trending News

भाजपाइयों ने कांग्रेस मुख्यालय पर किया हंगामा, कांग्रेसियों ने खदेड़ा

भाजपाइयों ने कांग्रेस मुख्यालय पर किया हंगामा, कांग्रेसियों ने खदेड़ा

  • वोट चोर गद्दी छोड़ के नारों से गूंजा क्वालिटी चौक.

देहरादून। रविवार दोपहर राजधानी में राजनीतिक घमासान उस समय तेज हो गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता भारी संख्या में राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन पहुंच गए। करीब एक घंटे तक कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता क्वालिटी चौक पर आमने-सामने नारेबाजी करते रहे। पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी के बीच माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

 

सूत्रों के अनुसार, दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे भाजपा कार्यकर्ता परेड ग्राउंड से रैली की शक्ल में नारे लगाते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े। उनके हाथों में लाठियां और डंडे भी देखे गए। इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ता भी वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में गेट पर डट गए और “वोट चोर गद्दी छोड़ो” के नारे गूंजने लगे।

 

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस व प्रशासन ने बीच-बचाव किया। सिटी मजिस्ट्रेट व एसपी सिटी ने धस्माना से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भीतर ले जाने का आग्रह किया, लेकिन धस्माना ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को पहले रोका या गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया।

 

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिला कार्यकर्ताओं से अभद्र व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की। हालांकि, कांग्रेसियों के विरोध और पुलिस दबाव के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं को पीछे हटना पड़ा।

 

बाद में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा “वोट चोर गद्दी छोड़ो” अभियान से घबरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की रैली को कमजोर करने और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा ने टूलकिट के तहत षड्यंत्र रचा।

 

धस्माना ने कहा, “हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की स्वर्गीय माता जी समेत हर नारी का सम्मान करते हैं। कांग्रेस कभी भी किसी महिला के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं कर सकती।” उन्होंने ऐलान किया कि “वोट चोर गद्दी छोड़ो” अभियान पूरे उत्तराखंड के हर जिले, विधानसभा और ब्लॉक तक चलाया जाएगा।

 

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें ताहिर अली, राजेंद्र शाह, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, गरिमा माहरा दसौनी, डॉ. प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, उदयवीर पुंडीर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )