
उत्तराखंड में 11 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में बेहद भारी वर्षा की चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 7 से 11 जुलाई तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए भारी से बेहद भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना को लेकर चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
आज 7 जुलाई को देहरादून, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, नैनीताल और पौड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई थी, पूर्वानुमान सही भी साबित हुआ। वहीं हरिद्वार, टिहरी, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में भी कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई है। देहरादून, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, नैनीताल और पौड़ी में आकाशीय बिजली के साथ अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर पड़ने का अलर्ट भी सही साबित हुआ।
8 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज से अति तीव्र वर्षा होने की संभावना जताई गई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।
9 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा तथा हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
10 जुलाई को नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश और बिजली चमकने का दौर जारी रह सकता है, जबकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गर्जन के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
11 जुलाई को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा और हरिद्वार तथा ऊधम सिंह नगर में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। प्रशासन को भी आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

