Trending News

उत्तराखंड ब्रेकिंग : फीताड़ी गांव में भीषण आग, कई लकड़ी के घर चपेट में आने की आशंका

उत्तराखंड ब्रेकिंग : फीताड़ी गांव में भीषण आग, कई लकड़ी के घर चपेट में आने की आशंका

उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के दूरस्थ फीताड़ी गांव में देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले दो लकड़ी के भवनों में लगी, जो देखते ही देखते आसपास के घरों तक फैलने लगी। गांव में अधिकांश मकान लकड़ी के बने होने और उनके बीच दूरी कम होने के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे बड़े अग्निकांड का खतरा बना हुआ है।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। बताया जा रहा है कि अब तक करीब 5 से 6 घर आग की चपेट में आ चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान की आशंका है।

ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन संसाधनों की कमी और लकड़ी के घरों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। तेज हवा और घनी बस्ती आग को और भड़काने का काम कर रही है।

तहसील मोरी के अंतर्गत आने वाले फीताड़ी गांव के ग्राम प्रधान ने बताया कि फिलहाल दो से तीन आवासीय भवनों में आग लगने की पुष्टि हुई है, हालांकि स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।

प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी में हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )