Trending News

दिल्ली जा रही स्लीपर बस में आग, पांच की मौत, कई घायल

दिल्ली जा रही स्लीपर बस में आग, पांच की मौत, कई घायल

लखनऊ : मोहनलालगंज क्षेत्र में लखनऊ-रायबरेली रोड पर किसान पथ के पास बिहार के बेगूसराय से दिल्ली जा रही एक निजी स्लीपर बस (UP17 AT 6372) में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद भी बस लगभग एक किलोमीटर तक जलती हुई दौड़ती रही। ड्राइवर और कंडक्टर ने खिड़की का शीशा तोड़कर भागने में कामयाबी हासिल की, लेकिन यात्रियों को बाहर निकलने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कांच तोड़कर कुछ यात्रियों को बाहर निकाला गया, लेकिन पांच लोग जिंदा जल गए। दमकल विभाग ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बस में थे 80 यात्री
बस में लगभग 80 यात्री सवार थे। हादसे में दो बच्चों, दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हुई। मृतकों में से चार की पहचान हो चुकी है, जबकि एक पुरुष की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मृतकों के नाम हैं:

  1. लख्खी देवी, पत्नी अशोक मेहता, उम्र 55 वर्ष

  2. सोनी, पुत्री अशोक महतो, उम्र 26 वर्ष

  3. देवराज, पुत्र रामलाल, उम्र 3 वर्ष

  4. साक्षी कुमारी, पुत्री रामलाल, उम्र 2 वर्ष

  5. एक अज्ञात पुरुष

इमरजेंसी गेट न खुलने से बढ़ी मुसीबत
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आग लगने के बाद बस का मुख्य गेट जाम हो गया और इमरजेंसी गेट भी नहीं खुला, जिसके कारण कई यात्री बस में फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि वे एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। यात्रियों ने बताया कि ड्राइवर और कंडक्टर ने बस रोकने के बाद तुरंत खिड़की से कूदकर भाग गए, जिससे यात्रियों को और मुश्किल हुई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू हुआ।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि हादसा पीजीआई कल्ली के पास किसान पथ पर हुआ। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, और बस के इमरजेंसी गेट के न खुलने ने हताहतों की संख्या बढ़ा दी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )