
मुख्यमंत्री ने 16 एसडीजी अचीवर्स को किया सम्मानित, नैनीताल, देहरादून और उत्तरकाशी को भी मिला पुरस्कार
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एसडीजी अचीवर अवार्ड समारोह में 3 व्यक्तियों, 9 संस्थानों और 4 औद्योगिक प्रतिष्ठानों को एसडीजी अचीवर अवार्ड से सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘अग्रगामी 2.0’ और एसडीजी इंडेक्स उत्तराखंड 2023-2024 का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि राज्य सरकार सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को 2030 तक प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने इकोनॉमी और इकोलॉजी के संतुलन के लिए “त्रि-स्तंभीय एवं नौ-सूत्रीय नीति” की शुरुआत की है, जो सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन साल पहले उत्तराखंड एसडीजी इंडिया इंडेक्स में 9वें स्थान पर था, लेकिन आज देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि गरीबी उन्मूलन, खाद्य सुरक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, जन्म के समय लिंगानुपात, स्वच्छ ऊर्जा, शहरी विकास, वित्तीय समावेशन और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में राज्य ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता प्रोत्साहन योजना, सौर ऊर्जा क्रांति, स्मार्ट सिटी मिशन और मुख्यमंत्री शहरी आजीविका योजना के माध्यम से सतत विकास के लक्ष्यों को मजबूत कर रही है। हालांकि, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, सतत कृषि और जल संसाधन प्रबंधन जैसी कई चुनौतियां अब भी बनी हुई हैं, जिन पर और अधिक प्रभावी कार्य करने की आवश्यकता है।
नैनीताल, देहरादून और उत्तरकाशी को भी मिला सम्मान
सीपीपीजीजी द्वारा जारी एसडीजी रैंकिंग 2023-24 में नैनीताल जनपद ने प्रथम स्थान, देहरादून ने दूसरा स्थान और उत्तरकाशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन तीनों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
एसडीजी अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित व्यक्तित्व और संस्थान
व्यक्तिगत पुरस्कार विजेता:
-
गगन त्रिपाठी
-
गुरजीत सिंह
-
सुबोध शाह
पुरस्कृत संस्थान:
-
हिमालयन स्टडी सर्कल फॉर एनवायरमेंट, चाइल्ड एजुकेशन, हेल्थ एंड रिसर्च
-
सुविधा एनजीओ
-
जागृति सेवा समिति
-
शक्ति फार्म चारा उत्पादक सहकारी समिति
-
AAGYO
-
सोसाइटी फॉर हिमालयन एसेंशियल नेचुरल एंड रिसर्च
-
हिम विकास सेल्फ रिलायंट कोऑपरेटिव
-
भारतीय ग्रामोथान संस्था
-
दानपुर लोक कला संस्कृति संगम
औद्योगिक प्रतिष्ठान:
-
ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड
-
रिलैक्सो फुटवियर लिमिटेड
-
टीएचडीसीआईएल
-
टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड
मुख्यमंत्री ने नवाचार और सतत विकास के प्रयासों की सराहना की
मुख्यमंत्री ने एसडीजी अचीवर अवार्ड विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ये सभी राज्य के वास्तविक ब्रांड एंबेसडर हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में राज्य सरकार ने 60 स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यक्तियों और सीएसआर के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को एसडीजी अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य की पहली रैंकिंग को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है और इसे संभव बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत होगी। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने नीतियों के सरलीकरण और राजस्व वृद्धि के लिए तीव्र गति से कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप खनन राजस्व 400 करोड़ से बढ़कर 1200 करोड़ तक पहुंच गया है।