
आधुनिक सोच और पारिवारिक मूल्यों का संगम होगी सूरज बड़जात्या की ‘ये प्रेम मोल लिया’, 27 नवंबर को होगी रिलीज
- आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 27 नवंबर को होगी रिलीज।
- मीडिया संवाद में प्रेम, विवाह और रिश्तों के बदलते स्वरूप पर हुई चर्चा।
मुंबई। पारिवारिक मनोरंजन और भारतीय संस्कृति से जुड़ी भावनात्मक कहानियों के लिए पहचान रखने वाले राजश्री प्रोडक्शंस की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ इन दिनों चर्चा में है। फिल्म के प्रचार के सिलसिले में आयोजित विशेष मीडिया संवाद में निर्देशक सूरज बड़जात्या, अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री शरवरी वाघ ने हिस्सा लिया। इस दौरान फिल्म की कहानी, इसके शीर्षक और बदलते दौर में पारिवारिक रिश्तों की अहमियत को लेकर विस्तार से बातचीत हुई। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ अभिनीत यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

मीडिया संवाद के दौरान निर्देशक सूरज बड़जात्या ने फिल्म के शीर्षक ‘ये प्रेम मोल लिया’ के पीछे की दिलचस्प कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि फिल्म का यह शीर्षक संगीतकार हिमेश रेशमिया के सुझाव से सामने आया। शीर्षक के भावनात्मक और सांस्कृतिक पक्ष को स्पष्ट करते हुए उन्होंने भारतीय विवाह परंपरा की रस्म ‘तोरण’ का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का संबंध नहीं, बल्कि दो परिवारों और उनकी जिम्मेदारियों को अपनाने का भी संकल्प है। ‘मैंने मोल लिया ये वचन’ की भावना इसी प्रतिबद्धता, प्रेम और पारिवारिक जिम्मेदारी को दर्शाती है।
अभिनेता आयुष्मान खुराना ने राजश्री प्रोडक्शंस के साथ काम करने और सूरज बड़जात्या की फिल्मों के लोकप्रिय किरदार ‘प्रेम’ को निभाने के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि फिल्म में प्रेम के किरदार को आज के सामाजिक परिवेश और आधुनिक पारिवारिक सोच के अनुरूप प्रस्तुत किया गया है। फिल्म में विवाह के बाद पति-पत्नी की साझा जिम्मेदारियों, आपसी सम्मान और एक-दूसरे की भावनाओं को समझने जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई है। इसके साथ ही परिवार में महिलाओं की आकांक्षाओं, प्राथमिकताओं और उनकी व्यक्तिगत पहचान को सम्मान देने का संदेश भी कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

वहीं, अभिनेत्री शरवरी वाघ ने राजश्री प्रोडक्शंस के साथ जुड़ने को अपने लिए एक सपने के सच होने जैसा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि राजश्री की पारिवारिक फिल्मों से उनका विशेष लगाव रहा है। बातचीत के दौरान उन्होंने माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘हम आपके हैं कौन..!’ के लोकप्रिय किरदार निशा का उल्लेख करते हुए राजश्री की फिल्मों में महिला किरदारों की खूबसूरत प्रस्तुति की सराहना की।

मीडिया संवाद में बदलते सामाजिक परिवेश के बीच पारिवारिक रिश्तों की नई परिभाषा पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने पीढ़ियों के बीच संवाद, आपसी समझ, भावनात्मक जुड़ाव और एक-दूसरे के विचारों का सम्मान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। फिल्म की कहानी इस विचार को सामने रखती है कि समय के साथ रिश्तों की अपेक्षाएं और स्वरूप बदल सकते हैं, लेकिन प्रेम, विश्वास, सम्मान और परिवार की एकजुटता का महत्व हमेशा कायम रहता है।

परंपरागत भारतीय पारिवारिक मूल्यों और आधुनिक सोच को साथ लेकर चलने का प्रयास कर रही ‘ये प्रेम मोल लिया’ के जरिए सूरज बड़जात्या एक बार फिर रिश्तों और पारिवारिक भावनाओं पर आधारित कहानी दर्शकों के सामने पेश करने जा रहे हैं। अब फिल्म की रिलीज के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की जोड़ी तथा राजश्री की पारिवारिक कहानी कहने की शैली दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाती है। फिल्म 27 नवंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

