Trending News

कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट को किया ढेर, मस्जिद में छिपा था आतंकी

कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ भट को किया ढेर, मस्जिद में छिपा था आतंकी

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार सुबह सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी कमांडर लतीफ अहमद भट को मार गिराया। वह जिले के देवसर इलाके के जांगलपोरा में एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षाबलों ने उसे घेरने के बाद कई बार आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया और अंदर से फायरिंग जारी रखी।

कुलगाम के एसएसपी इनायत अली ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सुनियोजित तरीके से अभियान चलाया था। पूरे इलाके की घेराबंदी की गई थी, ताकि आतंकी को भागने का मौका न मिले। सुरक्षाबलों ने लतीफ को आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार समझाया। एसएसपी ने खुद वीडियो कॉल के जरिए भी उससे बातचीत की और उसे हथियार डालने के लिए कहा।

एसएसपी के मुताबिक, लतीफ को समझाया गया कि उसकी जिंदगी अभी बाकी है और वह अभी काफी युवा है। इसके बावजूद उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। बाद में वह एक मस्जिद के अंदर चला गया। वहां से भी उसे लगातार सरेंडर करने की अपील की गई, लेकिन उसने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया गया।

CRPF नाके पर हमले में था शामिल

लतीफ अहमद भट 11 नवंबर को कुलगाम के अखरन इलाके में CRPF के नाके पर हुए आतंकी हमले में शामिल था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। पुलिस के मुताबिक, लतीफ ने अपने साथी आतंकी उमर निसार के साथ मिलकर CRPF नाके को निशाना बनाया था। इसके बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे थे।

हमले से पहले की थी चार स्थानों की रेकी

जांच में सामने आया था कि CRPF नाके पर हमले से एक दिन पहले यानी 10 नवंबर को लतीफ और उसके साथी उमर निसार ने कुलगाम के मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम इलाके में रेकी की थी। दोनों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए स्थान और भागने के रास्ते भी चिह्नित किए थे। पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर यह जानकारी जुटाई थी।

मुठभेड़ में पहले मारा गया था लतीफ का साथी

इससे पहले 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में लतीफ का साथी नसीर डार मारा गया था। उस दौरान लतीफ शुरुआती घेराबंदी से बचकर निकलने में सफल रहा था। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसकी तलाश तेज कर दी थी। अब जांगलपोरा इलाके में हुई कार्रवाई में लतीफ को भी मार गिराया गया है।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )