
उत्तराखंड : BJP को एक और झटका, भाजपा छोड़ चुके रामशरण नौटियाल कांग्रेस में शामिल
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उनके कांग्रेस में शामिल होने से प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले इस घटनाक्रम को भाजपा के लिए एक राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
रामशरण नौटियाल प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के पिता हैं। वह उत्तराखंड की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और चकराता विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। चकराता क्षेत्र में उनकी राजनीतिक पहचान रही है।
रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में शामिल होने से चकराता विधानसभा क्षेत्र समेत देहरादून जिले की राजनीतिक गतिविधियों पर इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। उनके इस फैसले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वहीं, रामशरण नौटियाल के कांग्रेस में आने से पार्टी को क्षेत्र में कितना राजनीतिक लाभ मिलेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा। फिलहाल, उनके पाला बदलने को उत्तराखंड की राजनीति के एक अहम घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

