
‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री कराना सनातन का सम्मान, महेंद्र नागर ने जताया CM का आभार
हल्द्वानी/नई दिल्ली : बाबा श्री नीब करौरी महाराज के जीवन और आध्यात्मिक संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री किए जाने पर फिल्म की निर्माण संस्था शिवाया फिल्म प्रोडक्शन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। फिल्म के निर्माता–निर्देशक एवं राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव महेंद्र नागर ने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय बाबा नीब करौरी महाराज की आध्यात्मिक विरासत और उनके अनुयायियों की आस्था के सम्मान का प्रतीक है।
नागर ने कहा कि फिल्म को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करना केवल एक फिल्म को राहत देना नहीं, बल्कि कैंची धाम और बाबा नीब करौरी महाराज से जुड़ी आध्यात्मिक परंपरा को सम्मान देना है। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए फिल्म की पूरी टीम को भी बधाई दी।
निर्माताओं के अनुसार, करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने शुरुआत में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं किया। नागर के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन लगभग 10 लाख रुपये की कमाई की और शुरुआती दौर में कुछ सिनेमाघरों से इसे हटा भी दिया गया। हालांकि, बाद में दर्शकों की प्रतिक्रिया और मौखिक प्रचार के चलते फिल्म के कारोबार में तेजी आई। निर्माण पक्ष का दावा है कि फिल्म अब तक 54 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी है।
नागर ने फिल्म के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि फिल्म में बाबा के संदेश ‘प्रेम, सेवा और विनम्रता’ को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।
कलाकारों के अभिनय की भी सराहना
नागर ने बाबा नीब करौरी की भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या के अभिनय की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि शोभिनव सत्या शुरुआत में फिल्म में सेकेंड असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में जुड़े थे। मुख्य अभिनेता की तबीयत खराब होने के बाद निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने उनका ऑडिशन लिया और उन्हें मुख्य भूमिका के लिए चुना।
फिल्म में विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी, गुलशन पांडे, भगवानदास पटेल और राजीव मिश्रा समेत कई कलाकारों ने अभिनय किया है। निर्माता पक्ष ने रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह और अनुप्रिया ए. नागर समेत पूरी टीम के योगदान की भी सराहना की।
महेंद्र नागर ने कहा कि वह बाबा नीब करौरी महाराज से प्रार्थना करते हैं कि फिल्म 200 करोड़ रुपये का कारोबार पार करे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मांग की कि ‘हनुमान अंश’ को पूरे देश में टैक्स फ्री किया जाए, जिससे बाबा नीब करौरी महाराज के प्रेम, सेवा और विनम्रता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार का फैसला फिल्म के साथ-साथ प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मददगार साबित हो सकता है।

