Trending News

बदरीनाथ धाम में अंतिम चरण में आधुनिक अस्पताल का निर्माण, क्या पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन!

बदरीनाथ धाम में अंतिम चरण में आधुनिक अस्पताल का निर्माण, क्या पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन!

बदरीनाथ। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बदरीनाथ धाम में बन रहा 45 बेड का आधुनिक अस्पताल अब निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच गया है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चार मंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसे सब जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरण भी पहुंच चुके हैं और उनकी स्थापना का काम तेजी से चल रहा है। मरीजों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए भवन में लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्यदायी संस्था को 31 अगस्त तक अस्पताल भवन का निर्माण हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार भवन निर्माण के साथ ही चिकित्सा उपकरणों की स्थापना और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी जल्द पूरा किया जा रहा है, ताकि अस्पताल का संचालन शुरू किया जा सके।

अक्टूबर में प्रधानमंत्री के संभावित दौरे की चर्चा

अक्तूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बदरीनाथ धाम आने का कार्यक्रम प्रस्तावित होने की चर्चा है। संभावित दौरे को देखते हुए शासन-प्रशासन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी दौरान अस्पताल के उद्घाटन की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि, जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के बदरीनाथ दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सीएमओ डॉ. राजीव पाल ने बताया कि संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए अस्पताल भवन के निर्माण और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

उच्च हिमालयी क्षेत्र में मिलेगी त्वरित चिकित्सा सुविधा

बदरीनाथ धाम उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित है और चारधाम यात्रा के दौरान यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऊंचाई के कारण कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी, ऑक्सीजन की कमी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अक्सर निचले क्षेत्रों में रेफर करना पड़ता है।

45 बेड का आधुनिक अस्पताल शुरू होने के बाद गंभीर मरीजों और तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ धाम में ही बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )