Trending News

उत्तराखंड के युवाओं के लिए अच्छी खबर, 27 जुलाई से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती रैली

उत्तराखंड के युवाओं के लिए अच्छी खबर, 27 जुलाई से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती रैली

देहरादून। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती रैली की तिथियों की घोषणा कर दी है। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए 27 जुलाई से 6 अगस्त तक विभिन्न श्रेणियों में भर्ती रैलियां आयोजित की जाएंगी। भर्ती के दौरान जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ), हवलदार एजुकेशन, नर्सिंग असिस्टेंट, फार्मा और अन्य पदों के लिए अभ्यर्थियों की शारीरिक एवं अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत चयन किया जाएगा।

भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई को धार्मिक शिक्षक (जेसीओ) एवं हवलदार एजुकेशन पद के लिए उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 28 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) पद के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी, जबकि 29 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) और सिपाही फार्मा पदों के लिए चयन प्रक्रिया होगी।

इसके बाद 30 जुलाई को बागेश्वर जिले के अभ्यर्थियों, 31 जुलाई को बागेश्वर एवं नैनीताल, 1 अगस्त को नैनीताल, 2 अगस्त को नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर, 3 अगस्त को ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा, 4 व 5 अगस्त को अल्मोड़ा तथा 6 अगस्त को अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।

सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती स्थल पर पहुंचने की अपील की है। साथ ही भर्ती संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और समय-समय पर जारी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।

युवाओं में बढ़ा उत्साह

राज्य सरकार द्वारा अग्निवीरों के लिए घोषित प्रोत्साहन योजनाओं से इस बार भर्ती को लेकर युवाओं में उत्साह बढ़ने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि अग्निवीर सेवा पूरी करने वाले युवाओं को राज्य सरकार की समूह ‘ग’ की नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता, कौशल विकास एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इन घोषणाओं के बाद बड़ी संख्या में युवाओं के भर्ती रैली में भाग लेने की संभावना जताई जा रही है।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )