Trending News

कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बोलेरो पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत, दो गंभीर घायल

कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बोलेरो पर गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौत, दो गंभीर घायल

पौड़ी गढ़वाल। कोटद्वार-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सतपुली-मल्ली मार्ग पर पहाड़ी से अचानक विशाल बोल्डर गिरने से एक बोलेरो वाहन उसकी चपेट में आ गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। उसी समय गाजियाबाद नंबर की बोलेरो गुमखाल से सतपुली की ओर जा रही थी। बोल्डर सीधे वाहन के ऊपर गिरने से बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में चालक के बगल में बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल होकर वाहन के अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

कटर मशीन से काटकर निकाला गया घायल

थानाध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। एक घायल को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को कटर मशीन की मदद से बोलेरो का हिस्सा काटना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान केरल निवासी 45 वर्षीय श्रीकांत के रूप में हुई है। वहीं घायलों में 61 वर्षीय सरनजीत निवासी दिल्ली तथा उदय निवासी पश्चिम बंगाल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीनों गाजियाबाद स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक और घायलों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )