
उत्तराखंड : 29 मार्च तक ऐसा रहेगा मौसम, इन इलाकों में हो सकती है बारिश और बर्फबारी
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने वाला है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 25 मार्च से 29 मार्च तक राज्य के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इन जिलों के 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
26 और 27 मार्च को इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं, राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि इस अवधि में राज्य के मैदानी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का असर अधिक रहेगा।
28 मार्च को एक बार फिर इन जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी, जबकि 29 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मौसम सक्रिय रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले निवासियों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

