Trending News

उत्तराखंड : कोटद्वार में 15 से 30 जनवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली, ARO लैंसडाउन ने जारी की तिथियां

उत्तराखंड : कोटद्वार में 15 से 30 जनवरी तक अग्निवीर भर्ती रैली, ARO लैंसडाउन ने जारी की तिथियां

कोटद्वार | भारतीय सेना में सेवा का सपना देख रहे और कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2025 उत्तीर्ण कर चुके युवाओं के लिए बड़ी खबर है। सेना भर्ती कार्यालय (ARO) लैंसडाउन ने अग्निवीर भर्ती रैली की तिथियों की घोषणा कर दी है। यह भर्ती रैली 15 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक गब्बर सिंह कैंप, कोटद्वार में आयोजित की जाएगी।

यह भर्ती रैली मुख्यालय भर्ती ज़ोन (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अंतर्गत ARO लैंसडाउन द्वारा आयोजित की जा रही है। इसमें गढ़वाल क्षेत्र के सात जनपदों—चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून और हरिद्वार—के पात्र उम्मीदवार भाग ले सकेंगे। रैली में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो पाएंगे, जिन्होंने 30 जून से 10 जुलाई 2025 के बीच आयोजित ऑनलाइन CEE परीक्षा उत्तीर्ण की है।

भर्ती प्रक्रिया के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन पदों पर चयन किया जाएगा। उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.com से डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड में रैली स्थल पर रिपोर्ट करने की निर्धारित तिथि और समय अंकित होगा।

ARO लैंसडाउन ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में परेशानी आती है, तो वह 30 दिसंबर 2025 से पहले व्यक्तिगत रूप से ARO लैंसडाउन से संपर्क कर सकता है। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 के बाद सहायता के लिए मोबाइल नंबर 7456874057 पर संपर्क किया जा सकता है।

रैली में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ उनकी तीन-तीन फोटोकॉपी लाना अनिवार्य होगा। आवश्यक दस्तावेजों में पैन कार्ड, आधार कार्ड, ऑनलाइन पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र, एडमिट कार्ड, 20 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षिक प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और विद्यालय चरित्र प्रमाण पत्र शामिल हैं। कक्षा आठवीं की मार्कशीट जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सत्यापित होनी चाहिए। इसके अलावा धर्म प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और अविवाहित प्रमाण पत्र (जहां लागू हो) ग्राम प्रधान या सरपंच द्वारा प्रमाणित होना आवश्यक है। रैली सूचना के अनुसार रिलेशन प्रमाण पत्र, एनसीसी और खेल प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करने होंगे। शपथ पत्र रैली स्थल पर ही तैयार किया जाएगा।

ARO लैंसडाउन ने सभी उम्मीदवारों को दलालों और एजेंटों से सावधान रहने की सख्त सलाह दी है। सेना भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, निःशुल्क और पारदर्शी है। भर्ती केवल अभ्यर्थियों की मेहनत और योग्यता के आधार पर की जाती है और किसी भी प्रकार के प्रलोभन या झांसे में न आने की अपील की गई है।

CATEGORIES
Share ThisFacebook, whatsapp, teligram

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )