• बॉबी युवाओं की पहली पसंद बनकर उभरे।

  • भाजपा को पड़ा महंगा हाकम प्रेम।

पुरोला: लोकसभा चुनाव परिणाम आए दो दिन हो गए हैं। अब हार-जीत का आंकलन किया जा रहा है। भाजपा इस बात पर मंथन कर रही है कि किसी विधानसभा सीट से उनको कम वोट मिले और उसका कारण क्या है? इस लोकसभा चुनाव में उत्तराखंड को युवा बॉबी पंवार के रूप में एक नया नेता मिल गया है। बॉबी चुनाव भले ही हार गए हों, लेकिन युवाओं की पहली पसंद बनकर उभरे।

लोकसभा चुनाव में उत्तरकाशी जिले में भाजपा हाकम सिंह का पेपर लीक कांड महंगा पड़ा। हाकम को भले ही पुष्कर सिंह धामी सरकार ने सलाखों के पीछे पहुंचाया था, लेकिन बाह निकलने के बाद भाजपा के पुरोला विधायक की हाकम से नजदीकियां अब भी सार्वजनिक जगहों पर देखने को मिल रही है। हाकम के नकल कांड से युवा खासे नाराज थे। पुरोला विधायक की हाकम के नजदीकियों के चलते भी उनसे भी नाराजगी है। जिसका असर चुनाव परिणाम में देखने को मिला। भाजपा को पुरोला विधानसभा से बहुत कम वोट मिले।

यही हाल यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र का भी रहा। यहां भले विधायक निर्दलीय हों, लेकिन भाजपा को हाकम से यारी का नुकसान यहां भी उठाना पड़ा। यमुनोत्री विधानसभा से भी भाजपा को मायूसी हाथ लगी। यह स्थिति तब है, जबकि निर्दलीय विधायक ने भी भाजपा को ही समर्थन दिया था। इससे एक बात साफ है कि पुरोला की तरह यमुनात्री विधानसभा के युवाओं ने भी भाजपा को जोर का झटका दिया।

यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में भी बॉबी पंवार आगे रहे। उत्तरकाशी जिले के युवाओं ने बॉबी पंवार पर भरोसा दिखाया। भाजपा नेताओं की नकल माफिया हाकम सिंह से नजदीकी और युवाओं की अनदेखी भाजपा को महंगी पड़ी। भाजपा की जीत का अंतर और ज्यादा हो सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

इस बीच सोशल मीडिया में एक फोटो भी वायरल होने लगा है, जिसमें पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल के साथ हाकम सिंह की फोटो भी नजर आ रही है। इस पर युवा तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। यह फोटो इस साल 13-14 अप्रैल मोरी क्षेत्र में विशु जातर संस्कृति महोत्सव का है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी यह फोटो खूब वायरल हुआ था। पुरोला विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी बॉबी पंवार 12111 वोटों से आगे रहे। वहीं, यमुनोत्री विधानसभा में 6765 वोटे से बढ़त बनाए रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *